लखनऊ -उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस मध्य जोन के अध्यक्ष श्री आनन्द प्रकाश वर्मा “भैया जी” ने प्रदेश और जिला स्तर के सभी सम्मानित

लखनऊ -उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस मध्य जोन के अध्यक्ष श्री आनन्द प्रकाश वर्मा “भैया जी” ने प्रदेश और जिला स्तर के सभी सम्मानित पदाधिकारियों से एक महत्वपूर्ण अपील करते हुए कहा है कि मौजूदा समय में किसानों को खाद वितरण केन्द्रों पर घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। भीषण गर्मी और बरसात के इस कठिन मौसम में किसान भाइयों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में किसान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे सेवा भाव के साथ आगे आएं और किसानों की मदद करें।

प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक जिले एवं तहसील स्तर पर किसान कांग्रेस के पदाधिकारी अपनी-अपनी टीम गठित कर लाइन में लगे हुए किसानों को पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध कराएं। कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वे बोरी में पानी के पाउच लेकर पहुंचें और जरूरतमंद किसानों को वितरित करें। यह कार्य सेवा भावना से प्रेरित होकर किया जाए ताकि किसान भाइयों को राहत मिल सके।

भैया जी ने यह भी कहा कि सेवा कार्य के दौरान सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अनिवार्य रूप से किसान कांग्रेस की हरी टोपी और कांग्रेस पार्टी का तिरंगा गमछा धारण करें। यह पहचान किसान कांग्रेस की एकता और सेवा भाव का प्रतीक होगा। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि 21 अगस्त, दिन बृहस्पतिवार से यह अभियान पूरे मध्य जोन में नियमित रूप से प्रतिदिन चलाया जाए।

प्रदेश अध्यक्ष ने विशेष रूप से जोर दिया कि यह केवल एक सेवा कार्य ही नहीं बल्कि किसानों के संघर्ष में साथ खड़े होने का संकल्प भी है। किसान कांग्रेस का हर कार्यकर्ता किसानों की समस्याओं को समझे और उनकी आवाज़ को आगे बढ़ाए।

उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि इस सेवा कार्य की तस्वीरें प्रतिदिन फेसबुक समूह और संगठन के ग्रुप में साझा करें, ताकि पूरे प्रदेश में किसान कांग्रेस के सेवा अभियान की झलक दिख सके और अन्य जिलों को भी प्रेरणा मिले।

किसान कांग्रेस सदैव किसानों के सुख-दुख में उनके साथ खड़ी रही है और आगे भी किसानों की लड़ाई पूरी ताकत के साथ लड़ेगी।